Delhi-Mumbai Expressway: दिल्ली से दौसा बस 2 घंटे में, दिल्ली-मुंबई कॉरिडोर पर मई से भर सकेंगे फर्राटा

नई दिल्ली: तीन महीने बाद मई से दिल्ली-मुंबई कॉरिडोर पर आप फर्राटे से गाड़ी दौड़ा सकेंगे। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि मई तक गुड़गांव से दौसा तक के हिस्से को लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। गुड़गांव से दौसा तक इस एक्सप्रेसवे की दूरी करीब 220 किलोमीटर है। बीच में पड़ने वाले जयपुर शहर तक इस हाइवे के जरिए दो घंटे से भी कम समय में पहुंचा जा सकेगा। इस स्ट्रेच पर 90% तक काम पूरा हो चुका है। अंतिम दौर का कुछ फिनिशिंग का काम चल रहा है। इसे मई से पहले पूरा कर लिया जाएगा। अभी दिल्ली से DND के जरिए इसे जोड़ने का काम पूरा नहीं हुआ है। इसका काम देर से अलॉट होने के कारण काम में देरी होगी। जब तक दिल्ली वाले भी गुडगांव के जरिए इस हाइवे पर दौसा तक करीब 2 घंटे में पहुंच सकेंगे।
एक लाख करोड़ की लागत
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पिछले साल सितंबर में कहा था कि यह हिस्सा मार्च 2022 तक शुरू कर दिया जाएगा, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि बीच में कोरोना और कुछ हिस्सों का काम रहने के कारण अब यह हिस्सा मई 2022 में ही शुरू किया जा सकेगा। देश का पहला ग्रीन कॉरिडोर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे 1,380 किलोमीटर लंबा है। इस हाइवे के निर्माण पर करीब 1 लाख करोड़ की लागत आनी है। इस हाइवे पर अब तक 1,200 किलोमीटर से ज्यादा का काम शुरू हो गया है। हाइवे पर 120 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से गाड़ियां चलेंगी और 12 घंटे में दिल्ली से मुंबई पहुंचा जा सकेगा।
12 लेन का होगा कॉरिडोर
सरकार के दावों के मुताबिक, इस पूरे हाइवे को 2023 में शुरू करने की बात है। इस कॉरिडोर को 12 लेन का बनाने की योजना है। अभी तक दुनियाभर में 12 लेन का इतना लंबा कॉरिडोर नहीं है। अभी यह हाइवे 8 लेन का है। हाइवे के बीच में 21 मीटर चौड़ी जगह छोड़ी जा रही है, जैसे ही इस हाइवे पर ट्रैफिक बढ़ेगा। दोनों ओर 2-2 लेन और बना दी जाएंगी। जिससे यह हाइवे 12 लेन का हो जाएगा। जानकारी के मुताबिक, हरियाणा में इस हाइवे की कुल लंबाई 160 किलोमीटर है। इसमें से 130 किलोमीटर पर काम शुरू हो गया है। हरियाणा के पैकेज पर 11 हजार करोड़ रुपये का खर्च आएगा। इसके अलावा दिल्ली-मुंबई कॉरिडोर के अन्य हिस्सों पर भी काम चल रहा है, कुछ पर काम खत्म भी हो गया है।

Compare